Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpur

गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी समरसता संकल्प अभियान, घर-घर पहुंचेगा सामाजिक एकता का संदेश

जमशेदपुर: संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा “समरसता संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। मंगलवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर पर संचालित होगा। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समानता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज तक सीमित नहीं थे, बल्कि वे संपूर्ण मानवता के मार्गदर्शक थे। उनका “बेगमपुरा” का दर्शन भेदभाव, अन्याय और शोषण मुक्त समाज की कल्पना करता है।

उन्होंने बताया कि अभियान के शुभारंभ पर 29 जुलाई की शाम मंदिरों में “समरसता दीप महोत्सव” आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी से भरे कलशों को देशभर में पहुंचाने के लिए “कलश वंदन अभियान” चलाया जाएगा।

5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से वाराणसी तक “संत गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” निकाली जाएगी। अभियान के दौरान संत संपर्क अभियान, छात्रावास संपर्क, समरसता संवाद, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के संकल्प में संत गुरु रविदास महाराज के विचारों की झलक मिलती है। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता संत-महात्माओं से संपर्क कर सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह और जिला कार्यालय मंत्री संजीत चौरसिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!