यूसिल सीएमडी डॉ. कंचन आनंद राव ने सुनी संवेदकों की समस्याएं, बिल भुगतान में देरी पर एमएसएमई एक्ट के तहत ब्याज की मांग

जादूगोड़ा: यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. कंचन आनंद राव ने कंपनी के संवेदकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। करीब डेढ़ साल बाद हुई इस बैठक में संवेदकों ने अपनी विभिन्न मांगों और परेशानियों को प्रबंधन के समक्ष रखा।

बैठक के दौरान संवेदकों ने कार्य समाप्ति के बाद बिल भुगतान में होने वाली देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मांग की कि बिल भुगतान में विलंब होने पर एमएसएमई एक्ट के प्रावधानों के तहत ब्याज का भुगतान किया जाए।
इसके अलावा संवेदकों ने जेम टेंडर प्रक्रिया में प्री-बिड सिस्टम लागू करने, आरए बिल और फाइनल बिल भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाने, मैन पावर सप्लाई टेंडर में न्यूनतम सर्विस चार्ज 7.2 प्रतिशत करने तथा सभी रीइंबर्समेंट में सर्विस चार्ज जोड़ने की मांग रखी।
संवेदकों ने अपने दस्तावेज तैयार करने के लिए कमरा उपलब्ध कराने, स्थानीय संवेदकों को प्राथमिकता देने और टेंडर प्रक्रिया को समझने में मदद के लिए सहायता केंद्र खोलने का भी सुझाव दिया।
बैठक में यूसिल प्रबंधन की ओर से सीएमडी डॉ. कंचन आनंद राव के अलावा राकेश कुमार, एसके सेनगुप्ता, श्रीकांत अभिषेक कुमार, प्रीति टंडन, गिरीश गुप्ता और एमके साहू मौजूद रहे। वहीं संवेदकों की ओर से अरविंद सिंह, मनोरंजन सिंह, ब्रजेश कुमार सिंह, वाईवी प्रभाकरण, नीरज तिवारी और प्रदीप गुप्ता ने भाग लिया।




