Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
उत्सवचाईबासात्योहारधर्मधर्म समाजपश्चिमी सिंहभूमलोकल न्यूज़

चाईबासा: करम पर्व प्रकृति, भाईचारे और आपसी मोहब्बत का पैगाम देता है : फैयाज खान

अंजुमन इस्लामिया के सचिव ने करम पर्व पर दी शुभकामनाएं, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर काम करने की अपील

चाईबासा: अंजुमन इस्लामिया के सचिव फैयाज खान उर्फ बल्लो खान ने करम पर्व के अवसर पर पर्व मनाने वाले सभी लोगों को दिली मुबारकबाद और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि करम केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति से प्रेम, भाई-बहन के रिश्ते, आपसी मोहब्बत और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण पर्व है।

फैयाज खान ने कहा कि कुदरत की नेमत पूरी इंसानियत के लिए है और इसकी हिफाजत की जिम्मेदारी भी सभी लोगों की है। उन्होंने कहा कि प्रकृति का विनाश मानवता के लिए नुकसानदायक है। कुदरत किसी एक मजहब, जाति या समुदाय की नहीं है, बल्कि इसका लाभ हर इंसान को मिलता है।

पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर काम करने की अपील

उन्होंने कहा कि लोगों को जाति और मजहब से ऊपर उठकर पर्यावरण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए मिलकर काम करना चाहिए। पेड़-पौधों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की जरूरत है।

करम पर्व में करम वृक्ष का विशेष महत्व

फैयाज खान ने कहा कि करम पर्व में करम वृक्ष और उसकी डाल का विशेष महत्व है। पर्व के दौरान करम डाल स्थापित कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की जाती है। महिलाएं और युवतियां परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि तथा भाई-बहनों की सलामती की कामना करती हैं।

उन्होंने कहा कि इस अवसर पर पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य के साथ लोग सामूहिक रूप से पर्व मनाते हैं। करमा-धरमा की लोककथा भी इस पर्व की परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो भाई-बहन के प्रेम, त्याग और आपसी संबंधों का संदेश देती है।

भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश

फैयाज खान ने कहा कि ऐसे पर्व समाज में आपसी मेल-जोल और भाईचारे को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि मजहब लोगों को आपस में बैर रखना नहीं, बल्कि एक-दूसरे का सम्मान और प्रेम करना सिखाता है।

उन्होंने करम पर्व के अवसर पर कहा, “कुदरत की हिफाजत में ही इंसान की भलाई है, मोहब्बत और भाईचारे में ही दुनिया की भलाई है।”

फैयाज खान ने सभी लोगों से प्रकृति की रक्षा करने, पेड़-पौधों को बचाने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की। उन्होंने करम पर्व मनाने वाले सभी लोगों को पुनः शुभकामनाएं और मुबारकबाद दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!