Jamshedpur
सुंदरनगर-घसीयाझोपड़ी सड़क बनी तालाब, गड्ढों से परेशान स्थानीय लोग

जमशेदपुर। सुंदरनगर क्षेत्र स्थित घसीयाझोपड़ी रोड की हालत इन दिनों बेहद जर्जर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई है।

सड़क की खराब स्थिति के कारण राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों और स्कूली वाहनों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारू हो सके और लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।




