सोनारी के भागवत मुहल्ला मैदान से स्थानीयों का प्रवेश बंद, सरयू राय ने लिया संज्ञान
वर्षों से खेलकूद और सामाजिक आयोजनों में इस्तेमाल हो रहे मैदान को लेकर मुहल्लावासियों ने विधायक से की मुलाकात

जमशेदपुर: सोनारी के भागवत मुहल्ला स्थित खेल मैदान में स्थानीय लोगों का प्रवेश बंद किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को मुहल्लावासियों ने बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आवास पर पहुंचकर उन्हें मैदान से जुड़ी मौजूदा स्थिति की जानकारी दी। विधायक ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों से बातचीत कर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
वर्षों से खेल और सामाजिक आयोजनों का केंद्र रहा मैदान
मुहल्लावासियों ने बताया कि भागवत मुहल्ला बसने के समय से ही इस मैदान का इस्तेमाल स्थानीय बच्चे खेलकूद के लिए करते रहे हैं। इसके अलावा शादी-विवाह समेत अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए भी मैदान का उपयोग होता रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब दो वर्ष पहले जुस्को की ओर से मैदान की चहारदीवारी कर दी गई थी। उस समय मुहल्लावासियों ने इसका विरोध किया था। विरोध के बाद कंपनी के लैंड विभाग के अधिकारियों ने मैदान को स्थानीय लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध रखने का आश्वासन दिया था।
मैदान में प्रवेश बंद होने से नाराजगी
मुहल्लावासियों का कहना है कि अब मैदान को पूरी तरह घेरकर स्थानीय लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। मैदान परिसर में विद्यालय से संबंधित बोर्ड भी लगाया गया है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
मुहल्लावासियों ने विधायक सरयू राय से हस्तक्षेप करते हुए मैदान को पूर्व की तरह स्थानीय लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की मांग की।
संबंधित पदाधिकारियों से बातचीत करेंगे सरयू राय
सरयू राय ने कहा कि स्थानीय लोगों को वर्षों से मिल रही सुविधा और मैदान के उपयोग को ध्यान में रखते हुए वे पूरे मामले की वस्तुस्थिति की जानकारी लेंगे। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से बातचीत कर उचित समाधान निकालने का प्रयास करने की बात कही।




