चाईबासा में अवैध चुलाई शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पांच गिरफ्तार
टोंटो, गुवा और नोवामुंडी थाना क्षेत्रों में छापेमारी; 65 लीटर अवैध शराब और 400 किलो जावा महुआ बरामद

चाईबासा: जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग की ओर से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने टोंटो थाना क्षेत्र के दोकट्ठा, गुवा थाना क्षेत्र के दूधबिला तथा नोवामुंडी थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती और तोड़ेतापा में अवैध चुलाई शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की।
पांच आरोपी गिरफ्तार, एक के खिलाफ फरार अभियोग
छापेमारी के दौरान अवैध चुलाई शराब की बिक्री के आरोप में कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, अवैध शराब भट्ठी संचालित करने के मामले में एक अन्य आरोपी के खिलाफ फरार अभियोग दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब भट्ठी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। उत्पाद विभाग की टीम ने संबंधित स्थानों पर अवैध शराब निर्माण से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच की।
65 लीटर शराब और 400 किलो जावा महुआ बरामद
उत्पाद विभाग के अनुसार, पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 65 लीटर अवैध चुलाई शराब और 400 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया।
मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों समेत फरार आरोपी, कुल छह आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग की ओर से अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है। विभाग की ओर से अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने की जानकारी दी गई है।




