झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन ने शोकाकुल परिवारों से की मुलाकात, हरसंभव सहयोग का दिलाया भरोसा

जमशेदपुर, 6 अगस्त: डेहरी-ऑन-सोन नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी स्व. विमल कुमार अग्रवाल और रामगढ़ निवासी स्व. सुमित अग्रवाल की हत्या की घटनाओं पर झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सम्मेलन के प्रतिनिधिमंडल ने दोनों शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

प्रदेश अध्यक्ष संदीप मुरारका, प्रदेश महामंत्री अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय कुमार भालोटिया सहित अन्य पदाधिकारी पहले रांची पहुंचे, जहां स्व. विमल कुमार अग्रवाल के परिजनों से मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल रामगढ़ पहुंचा और स्व. सुमित अग्रवाल के परिवार को सांत्वना देने के साथ आर्थिक सहायता भी प्रदान की। सम्मेलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश रिंगसिया ने भी परिवार को आर्थिक सहयोग दिया।
प्रदेश अध्यक्ष संदीप मुरारका ने कहा कि झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन हर अग्रवाल परिवार का अपना संगठन है और संकट की हर घड़ी में समाज के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। प्रतिनिधिमंडल ने दोनों दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।




