कोल्हान

पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी पर बड़कुंवर गागराई ने उठाए सवाल, बोले—पहले मामले की सच्चाई सामने लाए पुलिस

चाईबासा। जमशेदपुर के बिष्टुपुर से पत्रकार अभिषेक भारती को सिमडेगा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर अपने साथ ले जाने की घटना पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण, अलोकतांत्रिक और निंदनीय बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बड़कुंवर गागराई ने कहा कि पत्रकार अभिषेक भारती ने विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ खबर प्रकाशित कर मामले की सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया था। ऐसे में पत्रकार की गिरफ्तारी को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को सबसे पहले पूरे मामले की सच्चाई सामने लानी चाहिए थी और जांच पूरी होने से पहले जल्दबाजी में गिरफ्तारी की कार्रवाई से बचना चाहिए था।

पूर्व मंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसी क्या वजह है कि मामले का आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जबकि मामले का उद्भेदन करने वाले पत्रकार को ही गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व निष्पक्ष जांच कर वास्तविक सच्चाई सामने लाना है। इस मामले में भी पुलिस को हर पहलू की गंभीरता से जांच करनी चाहिए, ताकि लोगों के सामने पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सके।

उन्होंने कहा कि किसी भी पुलिस कार्रवाई में निष्पक्षता और पारदर्शिता बेहद जरूरी है। इससे ही आम लोगों का कानून और प्रशासन पर भरोसा कायम रहता है। बड़कुंवर गागराई ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज में होने वाली घटनाओं एवं गतिविधियों को जनता तथा सरकार के सामने रखने का काम करते हैं।

पूर्व मंत्री ने कहा कि आज पूरा देश संविधान दिवस मना रहा है। ऐसे दिन एक पत्रकार की गिरफ्तारी ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि सच दिखाने और सवाल पूछने वाले पत्रकारों को डराने के बजाय उनकी खबरों और आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

बड़कुंवर गागराई ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले का जल्द उद्भेदन कर वास्तविक सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले में निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो और वास्तविक दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!