कोल्हान

*गोपालपुर पहुंचा न्याय रथ, ग्रामीणों को दी गई निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड अंतर्गत करायकेला पंचायत के गोपालपुर गांव में सोमवार को डालसा चाईबासा के तत्वावधान में न्याय रथ पहुंचा। इस दौरान विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर के निर्देशानुसार और सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

शिविर में अधिकार मित्रों ने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, नालसा दिल्ली और झालसा रांची की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। इसके अलावा देखभाल की श्रेणी में आने वाले बच्चों के लिए स्पॉन्सरशिप योजना, सड़क दुर्घटना में मुआवजा, डायन कुप्रथा, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, बाल श्रम उन्मूलन और मध्यस्थता 3.0 से संबंधित जानकारी दी गई।

मौके पर उप एलएडीसी अधिवक्ता सुरेंद्र प्रसाद दास ने कहा कि डालसा गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है। उन्होंने बताया कि डालसा के माध्यम से प्रत्येक माह लोक अदालत का आयोजन किया जाता है। इसके जरिए लोग मध्यस्थता के माध्यम से सुलह योग्य मामलों का निष्पादन करा सकते हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से कानूनी सहायता की जरूरत पड़ने पर नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानूनी अधिकारों की जानकारी होने से लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठा सकते हैं।

शिविर में पीएलवी राजेंद्र महतो, आशा महतो और गंगाराम गागराई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!