कोल्हान

जमीन विवाद में ट्रिपल मर्डर का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, निशानदेही पर तीनों शव बरामद

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर तीन लोगों की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुक्रवार को जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर तीनों मृतकों के शव और हत्या में प्रयुक्त खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को रमिया दोरायबुरू की ओर से सूचना दी गई थी कि टोंटो थाना क्षेत्र के केन्जरा टोला तारोबबुरू में जमीन विवाद को लेकर परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर शव छिपा दिए गए हैं। मृतकों की पहचान राजिन दोरायबुरू (40), जानो दोरायबुरू (38) और काण्डे दोरायबुरू (12) के रूप में हुई।

सूचना मिलने के बाद टोंटो थाना में कांड संख्या 19/2026 के तहत धारा 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ रफायल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी के दौरान पुलिस ने केन्जरा टोला तारोबबुरू से बोंज दोरायबुरू (19), पिता महती दोरायबुरू और मुचिया दोरायबुरू (20), पिता मुन्दुआ दोरायबुरू को गिरफ्तार किया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर तीनों मृतकों के शव बरामद किए गए। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी भी जब्त की गई।

पुलिस की छापामारी टीम में पु०नि० प्रेमचन्द्र भगत, झींकपानी अंचल, पु०अ०नि० धन्नजय सिंह, थाना प्रभारी टोंटो, पु०अ०नि० रणधीर कुमार, पु०अ०नि० विजय कुजूर समेत टोंटो थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।

पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!