*भाजपा जिला कार्यालय में मनाया गया संविधान दिवस, गीता बालमुचू ने बाबा साहेब को दी श्रद्धांजलि*

चाईबासा: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय बासाटोंटो, चाईबासा में कार्यक्रम आयोजित कर संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने की। इस दौरान भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश को न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुता पर आधारित लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रदान करने में अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देता है।
गीता बालमुचू ने कहा कि संविधान में दिए गए अधिकारों के साथ नागरिकों के कर्तव्य भी जुड़े हुए हैं। सभी लोगों को संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समानता और संविधान की गरिमा बनाए रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा करने तथा संविधान में निहित सिद्धांतों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष धर्मवीर पासवान, पंकज खिरवाल, चंद्रमोहन तियू, प्रताप कटिहार, अनंत सायनम, जयकिशन बिरूली और अक्षय खत्री सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




