
चाईबासा: महिला कॉलेज, चाईबासा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई और माई भारत के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश को छात्राओं तक पहुंचाने के साथ महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे महाविद्यालय के सभा कक्ष में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जिसके बाद दो मिनट का मौन रखकर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अर्पित सुमन ने किया। बीएड विभागाध्यक्ष मुबारक करीम हाशमी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन तथा उनके सामाजिक एवं नैतिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं से सत्याग्रह, सादगी और सार्वजनिक सेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने की अपील की। डॉ. अर्पित सुमन ने 2 अक्टूबर के ऐतिहासिक महत्व और राष्ट्र निर्माण में दोनों महापुरुषों के योगदान पर विचार रखते हुए छात्राओं को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक किया। जिला युवा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने स्वच्छता अभियान की योजना एवं स्थानीय समुदाय के साथ समन्वय के महत्व की जानकारी दी, जबकि मनीषा बिरुआ ने कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के कम उपयोग और हरित क्षेत्र के संरक्षण पर जोर दिया। इसके बाद छात्राओं एवं एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने महाविद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया और कूड़ा-कचरा एवं सूखे पत्तों को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर जमा किया। इस दौरान स्वच्छता को केवल एक दिन की गतिविधि न मानकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अर्पित सुमन, मनीषा बिरुआ, बीएड विभागाध्यक्ष मुबारक करीम हाशमी, जिला युवा पदाधिकारी अभिषेक आनंद, पंकज, माई भारत की टीम तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने स्वच्छ, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।




