गुवा पूर्वी पंचायत में गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभा आयोजित, बुजुर्गों को शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की दी गई जानकारी, समस्याओं एवं सुझावों पर भी हुई चर्चा

गुवा: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार, 2 अक्टूबर को गुवा पूर्वी पंचायत में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं के साथ दादा-दादी एवं बुजुर्गों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। ग्राम सभा का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना था। इस दौरान ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ लेने की प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है और इसके लिए ग्राम सभा महत्वपूर्ण माध्यम है। योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान पंचायत के बुजुर्गों का विशेष सम्मान करते हुए दादा-दादियों एवं अन्य बुजुर्गों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जिस पर बुजुर्गों ने प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं महिलाओं एवं बुजुर्गों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर चर्चा की गई तथा ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष रखे। पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित स्तर पर समाधान के लिए पहल करने की बात कही। कार्यक्रम में नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, गुवा पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी, गुवा पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मनी लागुरी, गीता देवी, पद्मा केसरी सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




