Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
गुवाजगन्नाथपुरपश्चिमी सिंहभूम

पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर में संदिग्ध अवस्था में मिला हाथी का शव, वन विभाग ने शुरू की जांच

भनगांव बाजार के समीप ढीपासाइ अरण्य में ग्रामीणों ने देखा मृत हाथी, पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का होगा खुलासा

पश्चिम सिंहभूम / गुवा: जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भनगांव बाजार के समीप ढीपासाइ अरण्य में शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हाथी का शव मिलने की सूचना के बाद वन विभाग के अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विभागीय टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। बताया गया कि शुक्रवार सुबह स्थानीय ग्रामीण नित्यकर्म एवं लकड़ी एकत्र करने के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने एक विशालकाय हाथी को जमीन पर पड़ा देखा। नजदीक जाकर जांच करने पर हाथी मृत मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना संबंधित लोगों को दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

 

मौत की वजह स्पष्ट नहीं

वन विभाग के प्रारंभिक निरीक्षण में हाथी की मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। विभाग प्राकृतिक मौत, बीमारी सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रहा है। स्थानीय ग्राम मुंडा राम जीवन बेहरा ने बताया कि जिस स्थान पर हाथी का शव मिला है, उसके आसपास बिजली की आपूर्ति या नंगे तार दिखाई नहीं देते हैं। ऐसे में प्रथम दृष्टया करंट लगने की संभावना कम बताई जा रही है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। ढीपासाइ और आसपास का क्षेत्र हाथियों की आवाजाही वाले इलाकों में शामिल है। हाथी की संदिग्ध मौत के बाद ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। वन विभाग की टीम घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!