ब्रह्मर्षि विकास महिला मंच के गठन की प्रक्रिया तेज, 17 क्षेत्रीय इकाइयों के लिए नियुक्त होंगे पर्यवेक्षक

जमशेदपुर: ब्रह्मर्षि विकास महिला मंच के गठन की प्रक्रिया को गति देते हुए केबल वेलफेयर क्लब, गोलमुरी में शनिवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला मंच के गठन और चुनाव प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ मंच के पदाधिकारी और विभिन्न क्षेत्रीय समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए ब्रह्मर्षि विकास मंच के मुख्य संरक्षक विकास सिंह ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं की एकजुटता जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से अलग-अलग गुटों से ऊपर उठकर मंच के बैनर तले संगठित होकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि ब्रह्मर्षि विकास महिला मंच की सभी 17 क्षेत्रीय इकाइयों का गठन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए प्रत्येक क्षेत्रीय इकाई में तीन-तीन पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इनकी निगरानी में क्षेत्रीय महिला समितियों का चयन किया जाएगा।
संस्थापक महासचिव सह चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष राज किशोर सिंह ने चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि चुनाव पूरी पारदर्शिता और संगठन के संविधान के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।
श्रीमती शोभा सिंह और रश्मि सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए एकजुट होकर समाज के विकास में योगदान देने की अपील की। उन्होंने आपसी मतभेदों को भुलाकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया।
बैठक में केन्द्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने सभी से केंद्रीय समिति पर विश्वास बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की। मौके पर मंच के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्षा बिमला सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।




