आनंदपुर में 200 छात्र-छात्राओं को मिली साइकिल, विधायक जगत माझी ने शिक्षा के महत्व पर दिया जोर

आनंदपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड में राज्य सरकार की ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत मंगलवार को राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, राजआनंदपुर परिसर में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रथम चरण में विभिन्न विद्यालयों के करीब 200 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोहरपुर विधायक जगत माझी थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि शिक्षा जीवन को नई दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। आज के विद्यार्थी ही भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। नि:शुल्क शिक्षा, मध्याह्न भोजन, पोशाक, छात्रवृत्ति और साइकिल जैसी योजनाएं इसी उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। साइकिल वितरण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विद्यालय की दूरी किसी भी छात्र-छात्रा की पढ़ाई में बाधा न बने और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
विधायक ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई साइकिल का नियमित रूप से विद्यालय आने-जाने में उपयोग करें और अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दें। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने तथा अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि आनंदपुर प्रखंड में ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत लगभग 500 छात्र-छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले चरण में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बान्दुनासा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोयराबेड़ा, पीएमश्री हंसाबेड़ा, राजकीयकृत उच्च विद्यालय राजआनंदपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेड़ाइचिंडा, राजकीय बुनियादी उच्च विद्यालय रोबोकेरा तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिरुमाठा के विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। शेष पात्र विद्यार्थियों को आगामी चरणों में साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने विधायक के समक्ष साइकिल स्टैंड, पेयजल एवं शौचालय की समस्याएं रखीं। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में एलआरडीसी अनिल कुमार, बीडीओ अशोक कुमार, प्रखंड प्रमुख दिलबर खाखा, जिला परिषद सदस्य विजय भेंगरा, बीपीओ अनिल उरांव, बीआरपी एस.एन. मोहंती, शिक्षक राजकिशोर महतो, शिवशंकर यादव, अरविंद मोहंती, विनोद हेम्ब्रोम, झामुमो नेता अजय कच्छप, संजीव गंताइत, राजू सिंह, आशीष गंताइत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




