मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा ने बच्चों के बीच बांटी शैक्षणिक सामग्री, शिक्षा के प्रति किया प्रेरित

चाईबासा: मारवाड़ी युवा मंच, चाईबासा जागृति शाखा ने जनसेवा कार्यक्रम के तहत संकोसाई क्षेत्र में जरूरतमंद बच्चों के बीच शैक्षणिक एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम में बच्चों को कलर पेंसिल, कॉपी, बिस्कुट सहित अन्य आवश्यक सामग्री दी गई। साथ ही विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया गया।

नियमित रूप से विद्यालय जाने वाले बच्चों को मंच की ओर से सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित करना था।
जागृति शाखा की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से स्कूल जाने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज की मेहनत ही भविष्य की सफलता का आधार बनेगी और समाज के हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सहयोगी अंकित साह ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना समाज का सामूहिक दायित्व है। यदि बच्चों को सही समय पर शिक्षा और प्रोत्साहन मिले तो वे भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने ऐसे सामाजिक कार्यों में अधिक से अधिक लोगों को जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम अंकित साह के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान बच्चों ने उत्साह के साथ सभी गतिविधियों में भाग लिया और सामग्री प्राप्त कर खुशी जताई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जागृति शाखा की अध्यक्ष चंदा अग्रवाल, सचिव रिंकी अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजिका दीप लोधा, ममता बुधिया, राधा भूत सहित शाखा की अन्य सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं। सभी ने भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों के लिए ऐसे जनसेवा कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।




