बरायबुरु विद्यालय में 77वां वन महोत्सव, विधायक सोनाराम सिंकु ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बरायबुरु परिसर में शुक्रवार को 77वें वन महोत्सव एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकु शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर अतिथियों का बुके एवं पौधा भेंटकर स्वागत किया गया। इसके बाद विधायक सोनाराम सिंकु सहित सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, जिला परिषद सदस्य भाग-1 देवकी कुमारी, नोवामुंडी प्रखंड प्रमुख पूनम गिलुवा, मुखिया मंगल गिलुवा एवं लिपि मुंडा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान लाभुकों के बीच विभिन्न सामग्रियों का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम में डीएफओ अविरूप सिन्हा, आईएफएस अनुराधा मिश्रा, गुवा वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी रामानंदन राम समेत वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही भादो टोप्पो, सूरज चांपिया, ज्वाला साहनी, मामूर, दानिश, मोहम्मद जावेद, सीताराम मांझी, रिक्की बोदरा और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की आवश्यकता पर बल देते हुए लोगों से पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।




