गंभीर बीमारी से जूझ रही छात्रा स्नेहा कच्छप के इलाज में आगे आए समाजसेवी, रिम्स में होगा ऑपरेशन

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित संत जेवियर बालिका विद्यालय की छात्रा स्नेहा कच्छप गंभीर बीमारी से जूझ रही है। बचपन में हुआ एक छोटा ट्यूमर समय के साथ बड़ा हो गया, जिसके कारण अब उसका ऑपरेशन आवश्यक हो गया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के कारण छात्रा के इलाज में समाजसेवियों और प्रशासन का सहयोग मिल रहा है।

खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सह समाजसेवी सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि विद्यालय की शिक्षिकाओं और परिजनों से जानकारी मिलने के बाद छात्रा को सदर अस्पताल, चाईबासा के जिला अधीक्षक डॉ. शिवचरण हांसदा से मिलवाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. हांसदा ने रिम्स, रांची के सर्जन डॉ. बेसरा से संपर्क किया, जिसके बाद छात्रा के ऑपरेशन के लिए मंगलवार का समय निर्धारित किया गया।
सिद्धार्थ होनहागा ने बताया कि छात्रा के इलाज में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DALSA) की अलकामा रुही भी सहयोग कर रही हैं। उनकी टीम मंगलवार को स्नेहा कच्छप को ऑपरेशन के लिए रिम्स, रांची लेकर जाएगी।
उन्होंने लोगों से छात्रा के सफल ऑपरेशन और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की। साथ ही कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है और आवश्यकता पड़ने पर सामाजिक सहयोग की भी जरूरत पड़ सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी टीम गरीब और जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगी।




