
- फसल बर्बाद होने से किसानों के सामने बढ़ा आर्थिक संकट
बहरागोड़ा : शनिवार से लगातार हो रही बारिश ने सोमवार को विकराल रूप धारण कर लिया। क्षेत्र में 320 एमएम बारिश दर्ज होने के बाद पूरे बहरागोड़ा प्रखंड में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। स्वर्णरेखा नदी और रगड़ो खाल के उफान पर आने से आधा दर्जन गांवों के कई टोले जलमग्न होकर टापू में तब्दील हो गए हैं। वहीं, पाँचबड़िया-ब्राह्मणकुंडी पुल की जर्जर स्थिति और खंडामौदा-पाठपुर मुख्य मार्ग पर भारी जलजमाव व कीचड़ के कारण कई पंचायतों का संपर्क प्रभावित हो गया है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई कि जमशेदपुर जा रही यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर खेत में गिरते-गिरते बची। इससे बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : विद्यासागर यूनिवर्सिटी का रिसर्च बैलून पैराशूट से पाथरा में उतरा, ग्रामीणों में मची सनसनी
उफनती नदियों से ग्रामीण इलाकों में बढ़ी मुश्किलें
लगातार बारिश के कारण बहरागोड़ा के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर नालियों का कचरा बहकर गलियों में फैल गया है, जबकि निचले इलाकों के घरों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी हो रही है। खेतों में जलजमाव के कारण तैयार सब्जियों की फसल डूबकर खराब होने लगी है, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। किसानों का कहना है कि बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। वहीं, सब्जियों की आपूर्ति प्रभावित होने से आने वाले दिनों में बाजार में कीमतें बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। लगातार बारिश और जलजमाव से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और जलनिकासी की व्यवस्था की मांग उठ रही है।




