नोवामुंडी के ताड़ेया गांव में मलेरिया का कहर, एक सप्ताह में दो बच्चों की मौत एक ही परिवार के तीन सदस्य मिले मलेरिया पॉजिटिव, कई बच्चे अब भी बीमार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। अब नोवामुंडी प्रखंड के सुदूरवर्ती ताड़ेया गांव के हमसदा टोला से मलेरिया के कारण एक सप्ताह के भीतर दो मासूम बच्चों की मौत का मामला सामने आया है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई को दो वर्षीय दामू सिरका और 28 जुलाई को ढाई वर्षीय रासी सिरका की मौत हो गई। दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर गांव की स्वास्थ्य सहिया ने मेडिकल किट से जांच की थी, जिसमें मलेरिया की पुष्टि हुई थी।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में अभी भी आधा दर्जन से अधिक बच्चे बुखार और मलेरिया जैसे लक्षणों से पीड़ित हैं। शुक्रवार को 10 लोगों की जांच की गई, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। इससे गांव में संक्रमण को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से विशेष चिकित्सा शिविर लगाने, सभी ग्रामीणों की जांच कराने, पर्याप्त दवाएं उपलब्ध कराने तथा मच्छर नियंत्रण के लिए फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।




