कोल्हान

कांड्रा में मारपीट और जानलेवा हमले की जांच में सनसनीखेज खुलासा, जमीन में दफन मिले दो युवकों के शव

सरायकेला–खरसावां: कांड्रा थाना क्षेत्र में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि में जमीन के अंदर दफन दो युवकों के शव बरामद किए गए हैं। घटना में प्रयुक्त बांस का बल्ला भी पुलिस ने बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त की शाम पिपड़ाखेड़ा गांव निवासी रवि हांसदा ने सूचना दी थी कि गांव के फुलचंद रघुनाथ हांसदा, रविन्द्र मांझी और अन्य लोगों ने स्कूल के पास राहुल हांसदा, सूरज हांसदा और तपन प्रधान के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद तीनों को वाहन से सरसामूल, गम्हरिया की ओर ले जाया गया और उन पर जानलेवा हमला किया गया। बाद में सूरज हांसदा को छोड़ दिया गया, जबकि राहुल हांसदा और तपन प्रधान लापता थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने लगातार छापेमारी कर फुलचंद रघुनाथ हांसदा और रविन्द्र मांझी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि में खुदाई कर राहुल हांसदा और उसके दोस्त तपन प्रधान के शव बरामद किए। दंडाधिकारी की मौजूदगी में शवों को जमीन से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने मारपीट में इस्तेमाल किया गया बांस का बल्ला भी बरामद किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना के पूरे कारणों की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!