कोल्हान

ईचागढ़ में आजसू पार्टी लड़ेगी हक-अधिकार की लड़ाई : रामचंद्र सहिस, हरेलाल महतो के पार्टी छोड़ने के बाद कार्यकर्ता सम्मेलन में एकजुटता का संदेश

चांडिल। हरेलाल महतो के आजसू पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में एकजुटता बनाए रखने की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को नीमडीह प्रखंड के रघुनाथपुर में आजसू पार्टी की ओर से विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन विस्तार करने और क्षेत्र के लोगों के हक-अधिकार की लड़ाई लड़ने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि आजसू पार्टी किसी व्यक्ति विशेष की पार्टी नहीं, बल्कि विचारधारा और समर्पित कार्यकर्ताओं की पार्टी है। किसी एक नेता के पार्टी छोड़ने से संगठन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आजसू पार्टी जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। पार्टी में नेताओं के आने-जाने की प्रक्रिया चलती रहती है, लेकिन इससे संगठन की विचारधारा और संघर्ष प्रभावित नहीं होता।

रामचंद्र सहिस ने कहा कि सुदेश कुमार महतो के नेतृत्व में आजसू पार्टी झारखंड के आदिवासियों और मूलवासियों के हितों के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। पार्टी का उद्देश्य राज्य के लोगों के अधिकारों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने हरेलाल महतो के आजसू पार्टी छोड़कर भाजपा में जाने के फैसले को गठबंधन के लिहाज से उचित नहीं बताया। साथ ही कहा कि पार्टी इस पूरे मामले की समीक्षा करेगी।

सहिस ने आरोप लगाया कि हरेलाल महतो के पार्टी छोड़ने से कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने की कोशिश की गई है। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि आजसू पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के सहयोग से गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी वर्ष 2029 के चुनाव में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।

सम्मेलन के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंचायत तथा गांव स्तर तक संगठन का विस्तार करने का संकल्प लिया। नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इसके लिए क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ाने और आम लोगों के मुद्दों को उठाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में हसन अंसारी, दुबराज महतो, कन्हैया सिंह, सत्यनारायण महतो उर्फ माकड़ महतो, अशोक साव, आरती सिंह मुंडा, अप्पू तिवारी समेत आजसू पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!