8 और 9 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष शिविर, पात्र नागरिक भर सकेंगे फॉर्म-6 और फॉर्म-8

चाईबासा। झारखंड मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8 और 9 अगस्त को विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, स्थानांतरण एवं आवश्यक संशोधन से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के सभी पात्र भारतीय नागरिकों से विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नागरिक कर सकेंगे आवेदन
उपायुक्त ने बताया कि जो भारतीय नागरिक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं अथवा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे और संबंधित मतदान क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं, वे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 एवं घोषणा-पत्र भर सकते हैं।
वहीं, जिन परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं या जिनका मतदान केंद्र वर्तमान निवास स्थान से काफी दूर है, वे फॉर्म-8 के माध्यम से परिवार के सदस्यों का नाम एक ही निकटवर्ती मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
मतदाता ऑनलाइन आवेदन के लिए ईसीआईनेट ऐप का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा वोटर्स पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
विदेशी नागरिक प्रक्रिया में शामिल न हों
उपायुक्त मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। किसी भी विदेशी नागरिक को इस प्रक्रिया में भाग नहीं लेना चाहिए।
उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे 8 और 9 अगस्त को अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, परिवार के सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने और आवश्यक संशोधन से संबंधित कार्य समय पर पूरा कराएं।
उपायुक्त ने कहा कि “कोई भी पात्र नागरिक छूटे नहीं” अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।




