*भरभरिया दशहरा मैदान में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया लाभ*
*पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों को जांच के बाद दी गई दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श*

चाईबासा: मंझारी प्रखंड के भरभरिया दशहरा मैदान में शनिवार को सेवा सेतु अभियान के तहत वृहत निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन सेवा संकल्प अभियान के जिला प्रभारी सह पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जरूरत के अनुसार उन्हें दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले कई परिवारों को स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श के लिए दूर जाना पड़ता है। ऐसे में उनके गांव और आसपास निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित होने से काफी सुविधा मिलती है।
उन्होंने कहा कि सेवा का मतलब केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरत के समय लोगों के साथ खड़ा होना भी है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समय पर स्वास्थ्य संबंधी सहायता मिलना जरूरी है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक करने और बीमारियों की पहचान करने में मदद मिलती है।
गागराई ने कहा कि सेवा सेतु का उद्देश्य गांव-गांव तक सेवा पहुंचाना, जरूरतमंद परिवारों को सहायता उपलब्ध कराना और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।
कार्यक्रम में सेवा सेतु अभियान के संयोजक पवन शर्मा, भाजपा नेता प्रताप कटिहार महतो, जिला उपाध्यक्ष चंद्रमोहन तियू, जयपाल कुंकल, अनिल बुड़ीउली, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष गुरुचरण बांकिरा, मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ गोप, महामंत्री जामदार बिरुवा, हरिश चन्द केशरी, खोगेशवर राउत, मीथलेश नन्द, दुंमबी बिरुवा, लक्ष्मण पान, समीर बिरुवा, जेनराम कुंकल, अनिता कुमारी, जागजीवन बिरुवा और अजित प्रधान सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच, दवाइयों और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।




