कोल्हान

*बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए जिले में शुरू होगी सीएम टेस्ट सीरीज, 29 नवंबर को होगी पहली परीक्षा*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में माध्यमिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के परिणाम बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारी अभियान शुरू करने की पहल की है। प्रोजेक्ट परख-तैयारी उड़ान के तहत सीएम टेस्ट सीरीज (सीएमटीएस) संचालित की जाएगी। इस संबंध में बुधवार को टाटा कॉलेज चाईबासा के बहुउद्देशीय प्रशाल में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में कार्यशाला और समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार और जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार मौजूद रहे। इसमें मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थी, अभिभावक तथा विभिन्न इंटर कॉलेजों के प्राचार्य शामिल हुए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सीएम टेस्ट सीरीज के माध्यम से विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तरह परीक्षा देने का अभ्यास कराया जाएगा। इसका पहला चरण 29 नवंबर 2026 को डीएवी पब्लिक स्कूल चाईबासा में आयोजित करने की योजना है। इसके बाद दूसरे रविवार को अपने विद्यालय, तीसरे रविवार को विद्यालय से बाहर निर्धारित केंद्र और चौथे रविवार को फिर अपने विद्यालय में परीक्षा होगी।

विद्यार्थियों को प्रत्येक परीक्षा से पहले प्रश्न पुस्तिका, अभ्यास प्रश्न, परख बुकलेट, शॉर्ट नोट्स और अन्य अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। अगले 15 दिनों में सामग्री विद्यालयों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, मार्गदर्शन और परीक्षा के अनुकूल वातावरण देना जरूरी है। उन्होंने कमजोर और अनियमित विद्यार्थियों की पहचान कर उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

बैठक के अंत में झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने झारखंड को नशामुक्त बनाने की शपथ ली। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!