Jamshedpurकोल्हान

छात्रों पर कथित मारपीट को लेकर भाजपा का हमला, विद्युत महतो बोले- लाठी के बल पर युवाओं की आवाज नहीं दबा सकती सरकार

जमशेदपुर। छात्रों और युवाओं के आंदोलन के दौरान कथित मारपीट और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि लाठी-डंडों, पुलिसिया दमन और राजनीतिक संरक्षण के बल पर युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

सांसद ने आरोप लगाया कि राज्य के विभिन्न जिलों में रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और नियुक्ति प्रक्रिया की निष्पक्षता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।

विद्युत महतो ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध करना छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार को छात्रों की मांगों का जवाब संवाद के जरिए देना चाहिए, न कि दमन के जरिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं द्वारा आंदोलनकारी छात्रों के साथ कथित हिंसा की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

सांसद ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों के साथ हुई हिंसा की सीबीआई जांच की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जांच के दायरे में राजनीतिक नेताओं और संबंधित अधिकारियों की भूमिका को भी शामिल किया जाना चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए झारखंड के युवाओं के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। विद्युत महतो ने कहा कि सत्ता किसी भी दल की हो, लोकतंत्र और संविधान से ऊपर कोई सरकार नहीं हो सकती।

भाजपा सांसद ने कहा कि झारखंड के युवा रोजगार, न्याय और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं। उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई में भाजपा मजबूती से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने सरकार से दमन का रास्ता छोड़कर संवाद और समाधान की दिशा में कदम उठाने की मांग की।

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन हाल के दिनों में राज्य की प्रमुख राजनीतिक बहसों में रहा है और परीक्षाओं की कथित अनियमितताओं की जांच की मांग लगातार उठती रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!