*अयोध्या गांव की बदहाल सड़क और पलायन की समस्या देख समाजसेवी राम होनहागा ने जताई चिंता*

चाईबासा: चक्रधरपुर प्रखंड का अयोध्या गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवसरों की कमी से जूझ रहा है। मंगलवार को चक्रधरपुर के समाजसेवी राम होनहागा अपने सहयोगियों के साथ गांव के भ्रमण पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। गांव की स्थिति और लोगों की परेशानियों को देखकर राम होनहागा ने चिंता जाहिर की।
ग्रामीणों ने बताया कि अयोध्या मुखी टोला से बचचोमहातु सीमा तक सड़क की स्थिति काफी खराब है। सड़क जर्जर होने के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी होती है। गांव में हरिजन, नायक और आदिवासी समुदाय के लोग रहते हैं। रोजगार के पर्याप्त साधन नहीं होने के कारण यहां के लोगों को रोजी-रोटी कमाने के लिए दूसरे स्थानों पर पलायन करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने समाजसेवी राम होनहागा को बताया कि चुनाव के समय नेता गांव पहुंचते हैं और कई तरह के वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद उनकी समस्याओं की सुध लेने कोई नहीं आता। सड़क जैसी बुनियादी समस्या भी लंबे समय से बनी हुई है।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद राम होनहागा ने कहा कि गांव की स्थिति चिंताजनक है। सड़क जैसी जरूरी सुविधा का अभाव और रोजगार नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के विकास के लिए सड़क निर्माण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के साधन उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से स्वरोजगार योजनाओं और कौशल विकास प्रशिक्षण को गांव तक पहुंचाया जाए तो युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार मिल सकता है। इससे दूसरे राज्यों और शहरों में पलायन करने की मजबूरी भी कम होगी।
इस दौरान ग्रामीण हारिश नायक, संजय नायक, विशु मेलगाड़ी, सेलाय हो सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत कराने तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की।




