कोल्हान

*खड़पोस में पहली बार होगा इतिहाद-ए-मिल्लत व इस्लाह-ए-मुआशरा सम्मेलन, रक्तदान शिविर में 156 यूनिट रक्त संग्रह*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड अंतर्गत खड़पोस मैदान में पहली बार इतिहाद-ए-मिल्लत व इस्लाह-ए-मुआशरा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन से पहले मंगलवार को अंजुमन इस्लामिया खड़पोस की ओर से भव्य रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें कुल 156 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस दौरान हेलमेट, प्रमाण पत्र और कंबल का भी वितरण किया गया।

कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी, मझगांव विधायक निरल पूर्ति, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार और सिविल सर्जन डॉ. मीना कलुण्डिया सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और सामाजिक एकता एवं सुधार के उद्देश्य से आयोजित होने वाले सम्मेलन की सराहना की।

इस मौके पर अतिथियों ने कहा कि इस्लाह-ए-मुआशरा जैसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समाज से बाल विवाह, दहेज प्रथा और शादी-विवाह में होने वाली फिजूलखर्ची जैसी कुरीतियों को समाप्त करने की जरूरत है। बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना भी समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। शादी-विवाह में अनावश्यक खर्च करने के बजाय उस राशि को बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी का भविष्य बेहतर हो सके।

अंजुमन इस्लामिया खड़पोस की ओर से आयोजित एक दिवसीय सम्मेलन में देशभर के प्रमुख उलेमा और इस्लामी विद्वान शामिल होंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मुस्लिम समाज में एकता, शिक्षा और सामाजिक सुधार को बढ़ावा देना है। इसमें प्रत्येक घर के बच्चों के लिए स्कूली शिक्षा अनिवार्य करने, सामाजिक न्याय, बाल विवाह पर रोक, दहेज प्रथा समाप्त करने और शादी-विवाह में फिजूलखर्ची रोकने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

इसके अलावा दूसरे समुदायों के साथ आपसी समन्वय और भाईचारा मजबूत करने पर भी विचार रखे जाएंगे। विभिन्न राज्यों से पहुंचने वाले उलेमा अपने विचारों और मार्गदर्शन से समाज को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम में अंजुमन इस्लामिया खड़पोस के सभी पदाधिकारी, प्रखंड के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!