मझगांव के घोड़ाबांदा में पुलिया से नीचे गिरी बाइक, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
सिर और छाती में लगी थी गंभीर चोट, जमशेदपुर रेफर किए जाने के बीच सदर अस्पताल में तोड़ा दम

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र के घोड़ाबांदा गांव के पास सोमवार दोपहर एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे में बाइक सवार प्रीतम गोप (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान मंगलवार तड़के करीब 3 बजे चाईबासा सदर अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
मझगांव जाने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पत्नी मोती देवी ने मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस में बताया कि वे लोग कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के अंधारी पंचायत अंतर्गत नारगासाई गांव के रहने वाले हैं। सोमवार को प्रीतम गोप अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से मझगांव जा रहे थे।
दोपहर करीब 12 बजे घोड़ाबांदा गांव के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और पुलिया से नीचे जा गिरी। दुर्घटना में प्रीतम के सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा उनके पैरों की हड्डियां भी टूट गईं।
प्राथमिक उपचार के बाद चाईबासा किया गया रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रीतम गोप को मझगांव अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इसके बाद पत्नी मोती देवी अपने दो छोटे बच्चों के साथ घायल पति को लेकर चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचीं। यहां चिकित्सकों ने प्रीतम की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया गया कि मोती देवी अकेली होने के कारण गंभीर रूप से घायल पति को जमशेदपुर ले जाने में असमर्थ थीं।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
इसी बीच चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार तड़के करीब 3 बजे प्रीतम गोप ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की।




