चाईबासाझारखंडलोकल न्यूज़

नोवामुंडी में टाटा मेन अस्पताल की रजिस्ट्रेशन फीस पुरानी दर पर होगी, प्रबंधन ने दिया आश्वासन

जनप्रतिनिधियों ने शुल्क बढ़ोतरी पर जताई आपत्ति, ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के हित में पूर्व दर बहाल करने की मांग

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी स्थित टाटा मेन अस्पताल में मरीजों से लिए जाने वाले रजिस्ट्रेशन एवं चिकित्सकीय परामर्श शुल्क में हाल में हुई बढ़ोतरी को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने टाटा स्टील प्रबंधन के समक्ष आपत्ति जताई। जनप्रतिनिधियों ने बढ़ी हुई फीस वापस लेकर पूर्व निर्धारित दर लागू करने की मांग की, जिसके बाद प्रबंधन ने जल्द ही रजिस्ट्रेशन फीस पुरानी दर पर करने का आश्वासन दिया।

जनप्रतिनिधियों ने प्रबंधन को सौंपा पत्र

इस संबंध में जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी ने टाटा स्टील के महाप्रबंधक (ओएमक्यू) देवाशीष जेना को पत्र सौंपा। पत्र में कहा गया कि नोवामुंडी और आसपास का क्षेत्र दुर्गम एवं वनवासी क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार रहते हैं।

जनप्रतिनिधियों के अनुसार अस्पताल के शुल्क में बढ़ोतरी से जरूरतमंद मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ऐसे में मरीजों के हित को ध्यान में रखते हुए पूर्व निर्धारित शुल्क को फिर से लागू किया जाना चाहिए।

चिकित्सकीय परामर्श शुल्क में बढ़ोतरी का मुद्दा उठा

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने चिकित्सक से परामर्श लेने के शुल्क में करीब छह से सात गुना वृद्धि का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत रखने वाले गरीब और ग्रामीण परिवारों के लिए इतनी अधिक फीस वहन करना मुश्किल है।

उन्होंने प्रबंधन से शुल्क में राहत देने और मरीजों को पहले की दर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।

जल्द पुरानी दर पर निर्धारित होगी रजिस्ट्रेशन फीस

मामले को लेकर हुई बैठक में टाटा स्टील के महाप्रबंधक (ओएमक्यू) देवाशीष जेना ने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द टाटा मेन अस्पताल, नोवामुंडी में रजिस्ट्रेशन फीस पूर्व में ली जा रही दर के अनुसार निर्धारित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अस्पताल से प्राप्त राशि से टाटा स्टील कंपनी का संचालन नहीं होता है। अस्पताल की आय मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में खर्च की जाती है।

जनप्रतिनिधियों ने किया आश्वासन का स्वागत

बैठक में टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से एचआर चंदन साहू मौजूद रहे। वहीं जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, उप प्रमुख ज्योति दास, किरीबुरू पश्चिमी पंचायत की मुखिया पार्वती किड़ो, मेघाहातुबुरु दक्षिणी पंचायत की मुखिया प्रफुल्लित ग्लोरिया और मेघाहातुबुरु उत्तरी पंचायत की मुखिया लिपि मुंडा उपस्थित थीं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रबंधन के आश्वासन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन फीस पुरानी दर पर होने से नोवामुंडी और आसपास के क्षेत्र के मरीजों को राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!