Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurलोकल न्यूज़

जमशेदपुर में NCST ने UCIL की समीक्षा की, जनजातीय हितों से जुड़े लंबित मामलों पर कार्रवाई के निर्देश

डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में बैठक, जादूगोड़ा के प्रभावित गांवों का भी किया स्थल निरीक्षण; 15 दिनों में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी

जमशेदपुर:- राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में गुरुवार को जमशेदपुर स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में UCIL के CMD डॉ. के. आनंद राव, निदेशक बी.के. दास सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जनजातीय समुदाय से जुड़े विभिन्न विषयों, UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

जादूगोड़ा के प्रभावित गांवों का किया निरीक्षण

इससे पहले डॉ. आशा लकड़ा के नेतृत्व में आयोग के आठ सदस्यीय दल ने पूर्वी सिंहभूम जिले के यूरेनियम प्रभावित जादूगोड़ा क्षेत्र के मेचुआ, इचरा सहित आसपास के गांवों का स्थल निरीक्षण किया। दल ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी ली।

ग्रामीणों ने आयोग के समक्ष प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल सुविधा, विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, विस्थापित परिवारों के लिए रोजगार एवं उचित मुआवजा और स्वास्थ्य सुविधाओं समेत विभिन्न समस्याएं रखीं। आयोग ने ग्रामीणों की ओर से उठाए गए इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जनजातीय कर्मचारियों की पदोन्नति और आवास पर भी चर्चा

समीक्षा बैठक में UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों से संबंधित रोस्टर के अनुसार पदोन्नति, आवास और अन्य सेवा संबंधी समस्याओंपर भी विस्तार से चर्चा हुई।

डॉ. आशा लकड़ा ने जनजातीय कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों का नियमानुसार उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने UCIL के CMD एवं वरिष्ठ अधिकारियों से जनजातीय समुदाय और कर्मचारियों से संबंधित सभी लंबित विषयों पर आवश्यक सुधारात्मक एवं प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

15 दिनों में मांगी कार्रवाई रिपोर्ट

आयोग की सदस्य ने अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही बैठक में लिए गए निर्णयों एवं आयोग के निर्देशों पर की गई कार्रवाई से संबंधित कार्यवाही रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग को प्रस्तुत करने को कहा गया।

बैठक में आयोग की ओर से उप सचिव मनोहर एन. सुकोले, सहायक निदेशक पी.के. दास, निजी सचिव कुशेश्वर साहू, विधिक सलाहकार राहुल यादव, अन्वेषक राहुल बागड़ी, वरिष्ठ अन्वेषक सोनल राज, अन्वेषक रिया राजपूत तथा निजी सहायक विवेक कुमार उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!