Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpur

कंटेनर यार्ड गोलीकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, रेकी में इस्तेमाल स्कूटी बरामद

जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कंटेनर यार्ड के पास हुए चर्चित गोलीकांड मामले में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में गंभीर रूप से घायल अफताब आलम की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 2 अगस्त की रात अफताब आलम पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। गंभीर रूप से घायल अफताब को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर 3 अगस्त को कैरेज कॉलोनी स्थित मुस्लिम बस्ती में छापेमारी कर मुख्य आरोपी मो. समद और कुलसुम बीबी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना से पहले रेकी में इस्तेमाल की गई बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली नीले और काले रंग की स्कूटी भी बरामद की गई। पुलिस का मानना है कि इसी स्कूटी का इस्तेमाल घटना की योजना बनाने और रेकी करने में किया गया था।

पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मो. समद का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बर्मामाइंस थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट और तोड़फोड़ समेत विभिन्न मामलों में पहले से केस दर्ज हैं। वर्ष 2026 में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच जारी है। फायरिंग के पीछे की साजिश, अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एसआईटी लगातार अनुसंधान कर रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!