Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानधर्म

गुवा में साई बाबा की भव्य पालकी यात्रा, भक्ति गीतों और जयकारों से भक्तिमय हुआ पूरा नगर

गुवा: पश्चिमी सिंहभूम के गुवा स्थित कैलाश नगर में बुधवार को श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ साई बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महिलाओं ने साई बाबा की पालकी को अपने माथे पर उठाकर नगर भ्रमण कराया, जबकि श्रद्धालु पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, “साईं राम” के जयकारे और भक्ति नृत्य करते हुए आगे बढ़े। पूरे नगर में धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

पालकी यात्रा कैलाश नगर से प्रारंभ होकर रेलवे कॉलोनी, योग नगर, बिरसा नगर, कल्याण नगर, कच्ची धौड़ा, विवेक नगर, रेलवे मार्केट, रामनगर और गुवा बाजार होते हुए पुनः कैलाश नगर पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने श्रद्धापूर्वक पालकी का स्वागत किया और पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया।

भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत साईं बाबा के मधुर भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। यात्रा में महिलाओं की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

यात्रा के समापन पर विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच साई बाबा के प्रसाद के रूप में खीर का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा का आशीर्वाद लिया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर राजाराम बेहरा, विवेक बेहरा, त्रिनाथ पुथाल, मोनालिसा पुथाल, सुंदर राउत, सोउते राउत, पुष्पा बेहरा, सुनीता पुथाल और दीपा तुषार सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और धार्मिक सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्रद्धालुओं ने साईं बाबा के जयकारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!