स्थानीय मजदूरों ने विधायक सोनाराम सिंकु के माध्यम से सेल प्रबंधन को सौंपा छह सूत्री मांग पत्र

मेघाहातुबुरू: सेल बीएसएल लौह अयस्क खदान मेघाहातुबुरू से प्रभावित स्थायी गांवों के स्थानीय मजदूरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु के माध्यम से सेल प्रबंधन को छह सूत्री मांग पत्र सौंपा है। यह मांग पत्र सेल बीएसएल लौह अयस्क खदान मेघाहातुबुरू के महाप्रबंधक को संबोधित किया गया है।

मजदूरों ने मांग की है कि खदान क्षेत्र में ठेका मजदूरी, सप्लाई कार्य और अन्य नियुक्तियों में स्थानीय स्थायी गांवों के लोगों को आवासीय प्रमाण पत्र के आधार पर प्राथमिकता दी जाए। मजदूरों का कहना है कि इससे खदान से प्रभावित परिवारों को रोजगार का अवसर मिल सकेगा।

मांग पत्र में मेघाहातुबुरू सेल कंपनी में कार्यरत सप्लाई मजदूरों के गेट पास और अन्य प्रमाण पत्रों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग भी की गई है। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
स्थानीय मजदूरों ने किरीबुरू और मेघाहातुबुरू अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधा, समय पर इलाज और मरीजों के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। इसके अलावा सीएसआर योजना के तहत प्रभावित गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक सप्ताह मेडिकल शिविर लगाने की मांग की गई है।
मजदूरों ने यह भी मांग की है कि सप्लाई मजदूरों के साथ किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा धमकी, प्रताड़ना, हाजिरी काटने या किसी अन्य प्रकार का शोषण नहीं किया जाए।
स्थानीय मजदूरों ने उम्मीद जताई है कि सेल प्रबंधन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा।




