Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

प्रमंडलीय आयुक्त ने किया राजनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर

सरायकेला-खरसावां: सिंहभूम (कोल्हान) के प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने बुधवार को सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्था, जनसेवा, अभिलेख संधारण तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वागियारी, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जैवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रमंडलीय आयुक्त ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालयीन कार्यप्रणाली और जनसेवा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक नागरिक को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों और कर्मचारियों को आम लोगों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा किसी भी वैध कार्य या योजना के लाभ में अनावश्यक विलंब नहीं करने की हिदायत दी। साथ ही सभी आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने और कार्यों में जवाबदेही, पारदर्शिता तथा दक्षता बनाए रखने पर जोर दिया।

आयुक्त ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्राप्त जन शिकायतों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से प्राप्त परिवादों के त्वरित निष्पादन तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक मामले की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को भी कहा।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का स्थानीय भाषा एवं स्थानीय माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने, ग्राम पंचायत स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाने तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक में आगामी 5 अगस्त 2026 को SIR-2026 के तहत प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने, अभिलेखों और आंकड़ों का सूक्ष्म सत्यापन करने तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंत में उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति अपनाने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!