
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू स्थित प्रोस्पेक्टिंग चौक में मंगलवार देर रात एक दुकान में चोरी की घटना सामने आई। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा कैश बॉक्स चोरी कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, प्रोस्पेक्टिंग चौक स्थित नोबो पुथाल की दुकान को 21 और 22 जुलाई की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे निशाना बनाया गया। नोबो पुथाल ने बताया कि चोर लोहे के औजार की मदद से दुकान के साइड गेट में लगे ताले और कुंडी को तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद दुकान में रखा कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। कैश बॉक्स में कितनी नकदी थी, इसका अभी तक सही आकलन नहीं हो सका है।
दुकान संचालक के अनुसार, चोरों ने दुकान में रखे अन्य सामान, विशेषकर खाने-पीने की वस्तुओं को नहीं छुआ। इससे प्रतीत होता है कि उनकी नजर केवल नकदी पर थी। घटना के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
घटना स्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध युवक हाथ में लोहे का सरिया लिए दुकान की ओर जाते और कुछ मिनट बाद तेजी से वापस लौटते हुए दिखाई दे रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि यही दोनों युवक चोरी की घटना में शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।




