सिक्किम टनल हादसे में पश्चिमी सिंहभूम के एक और खूंटी के दो मजदूरों की मौत, परिजनों में मातम

चाईबासा: सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जल विद्युत परियोजना की हेड रेस टनल में गैस रिसाव की दर्दनाक घटना में झारखंड के तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में पश्चिमी सिंहभूम के बंदगांव प्रखंड के कुमसिंग मदुरा गांव निवासी 48 वर्षीय मसीह बरजो तथा खूंटी जिले के रनिया प्रखंड के डाहु गांव निवासी 22 वर्षीय कृष्णा साहू और 30 वर्षीय बुदडु विकास कुंडलना शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, तीनों मजदूर टनल के भीतर कार्य कर रहे थे, तभी गैस रिसाव होने से वे उसकी चपेट में आ गए। बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन तीनों की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना पटेल इंजीनियरिंग कंपनी के कर्मियों ने परिजनों को दी।
हादसे की खबर मिलते ही तीनों परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण और रिश्तेदार उनके घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं। तीनों मजदूर रोजी-रोटी की तलाश में सिक्किम गए थे और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।
फिलहाल स्थानीय प्रशासन और परियोजना प्रबंधन हादसे की जांच कर रहे हैं। वहीं, परिजनों ने मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द गांव लाने और उचित मुआवजा देने की मांग की है।




