आशा भोंसले के जन्मदिन पर परसुडीह में सजी सुरों की महफिल, स्थानीय कलाकारों ने दी संगीतमय श्रद्धांजलि

जमशेदपुर: दिग्गज गायिका आशा भोंसले के जन्मदिन के अवसर पर मंगलवार को परसुडीह स्थित गौरी भवन में ‘रोशन-ए-दीपक’ संस्था की ओर से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने आशा भोंसले के सदाबहार और लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की।

कलाकारों की सुरीली प्रस्तुतियों से पूरा सभागार संगीतमय हो उठा। कार्यक्रम में मौजूद संगीतप्रेमियों और दर्शकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया तथा उनकी प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम का आयोजन श्री चंदन चंद के निर्देशन तथा श्री रंजीत दास और श्रीमती प्रणति गोस्वामी के मार्गदर्शन में किया गया। स्थानीय प्रतिभावान कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया और दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी कलाकारों को आयोजकों की ओर से प्रशंसा पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ‘रोशन-ए-दीपक’ संस्था की ओर से कहा गया कि जमशेदपुर की स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और महान कलाकारों को सम्मानित करने की यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी।
आशा भोंसले के जन्मदिन पर आयोजित यह संगीतमय कार्यक्रम कलाकारों, संगीतप्रेमियों और दर्शकों के लिए यादगार बन गया।




