
चाईबासा:प्रकाश गुप्ता:शहर के प्रसिद्ध गांधी मैदान में मंगलवार को स्वर्गीय जनार्दन यादव उर्फ घसिया यादव की स्मृति में श्रावणी मीना बाजार का शुभारंभ हुआ। खास बात यह रही कि मेले का उद्घाटन किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी ने नहीं, बल्कि झींकपानी वृद्धा आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों तथा मुख-बधिर और विशेष बच्चों ने किया।

बुजुर्गों और बच्चों ने मेला परिसर के मुख्य द्वार पर फीता काटकर और नारियल फोड़कर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान मेला संचालक सिकंदर यादव के पुत्र प्रभास कुमार यादव सहित कई लोग मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद बुजुर्गों और बच्चों ने मेले में लगे विभिन्न झूलों का आनंद लिया और खान-पान के स्टॉल पर स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया। मेला संचालक की ओर से सभी बुजुर्गों और बच्चों को विशेष उपहार भी दिए गए।
समाज के हर वर्ग को खुशी देना उद्देश्य
मेला संचालक सिकंदर यादव ने कहा कि यह आयोजन उनके लिए केवल मेले का उद्घाटन नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों को सम्मान और खुशी देने का प्रयास है, जो अक्सर मुख्यधारा से दूर रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धा आश्रम में रहने वाले बुजुर्ग उनके लिए अभिभावक के समान हैं। वहीं विशेष बच्चे भी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें भी मनोरंजन तथा खुशियां मनाने का पूरा अधिकार है।
सिकंदर यादव ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों की सेवा की भावना उन्हें अपने पिता स्वर्गीय जनार्दन यादव उर्फ घसिया यादव से मिली है। वह अपने पिता की सीख और उनके बताए रास्ते पर चलते हुए जरूरतमंदों की मदद करने का प्रयास करते हैं।
समाज के लिए हमेशा तत्पर रहे घसिया यादव
स्वर्गीय जनार्दन यादव उर्फ घसिया यादव के भतीजे अभिषेक यादव उर्फ अंकित ने कहा कि उनके बड़े पापा हमेशा समाज के लिए तत्पर रहते थे और सभी समुदायों के लोगों से उनका जुड़ाव था। उन्होंने सरकारी पुलिस की नौकरी छोड़कर समाजहित में कार्य करने को प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि सिकंदर यादव की सोच भी जरूरतमंद लोगों को साथ लेकर चलने की है। बुजुर्गों और विशेष बच्चों से मेले का उद्घाटन कराना इसी सोच को दर्शाता है। उन्होंने युवाओं से भी समाज के बुजुर्गों और विशेष बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में आगे आने की अपील की।
45 दिनों तक चलेगा श्रावणी मीना बाजार
श्रावणी मीना बाजार मंगलवार से शुरू होकर अगले 45 दिनों तक चलेगा। मेले में विभिन्न प्रकार के झूले, जलपरी सहित मनोरंजन के साधन, महिलाओं के लिए सजने-संवरने की सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और विभिन्न प्रकार के खान-पान के स्टॉल लगाए गए हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए मनोरंजन और खरीदारी की व्यवस्था की गई है।
उद्घाटन समारोह में नगर परिषद चाईबासा के अध्यक्ष नितिन प्रकाश और उपाध्यक्ष विकास शर्मा भी उपस्थित रहे। दोनों ने स्वर्गीय जनार्दन यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और मेले की सफलता की शुभकामनाएं दीं।




