बहरागोड़ा हाईवे पर बाइक स्टंटबाजी से दहशत, प्रशासन का नहीं दिख रहा खौफ
बीच सड़क पर बाइक से स्टंट करते नजर आए युवक, राहगीरों की सुरक्षा पर उठे सवाल

बहरागोड़ा। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पाटपुर पंचायत अंतर्गत मुंडाकाटी (केवला) गांव के रहने वाले युवकों द्वारा हाईवे पर खुलेआम बाइक स्टंटबाजी करने का मामला सामने आया है। हाईवे की व्यस्त सड़क पर बाइक से स्टंट करते युवकों की तस्वीर सामने आने के बाद इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है। सड़क पर इस तरह की लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी देखी जा रही है।

बताया जा रहा है कि स्प्लेंडर बाइक पर दो युवक सवार थे। इनमें एक युवक का नाम सुमन बताया जा रहा है, जबकि दूसरे युवक की पहचान अभी तक स्पष्ट रूप से नहीं हो पाई है। दोनों युवक हाईवे के बीच सड़क पर बेखौफ होकर बाइक से स्टंट करते नजर आए। इस दौरान उन्हें न तो अपनी जान की चिंता दिखाई दी और न ही हाईवे पर गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा की परवाह।

स्थानीय लोगों के अनुसार हाईवे पर इस तरह बाइक से स्टंट करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ने या स्टंट के दौरान किसी अन्य वाहन से टक्कर होने की स्थिति में गंभीर सड़क हादसा हो सकता है। ऐसे हादसे में केवल स्टंट करने वाले युवक ही नहीं, बल्कि सड़क से गुजर रहे निर्दोष वाहन चालक और राहगीर भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।
लोगों का कहना है कि हाईवे पर लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद बीच सड़क पर इस तरह स्टंटबाजी करना यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर युवकों में प्रशासन और कानून का इतना भी खौफ क्यों नहीं है कि वे सार्वजनिक सड़क पर इस तरह अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से मामले का संज्ञान लेते हुए हाईवे पर स्टंटबाजी करने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों ने यह भी मांग की है कि हाईवे पर नियमित पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क पर इस तरह की खतरनाक स्टंटबाजी पर अंकुश लगाया जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।




