*शंकराचार्य मोटर्स में धोखाधड़ी का आरोप, प्रभावित ग्रामीणों ने किया धरना-प्रदर्शन*

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गितिलपी चौक स्थित शंकराचार्य मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के बाहर मंगलवार को कथित धोखाधड़ी से प्रभावित ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। झारखंड बचाओ जन संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष माधव चंद्र कुंकल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता रेयांश सामड भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और कंपनी प्रबंधन से पैसे वापस करने के संबंध में जवाब मांगा।
माधव चंद्र कुंकल ने आरोप लगाया कि कंपनी के दो कर्मचारियों विदेश राय और अभिषेक कुमार सिंह ने गाड़ी दिलाने के नाम पर ग्रामीणों से लाखों रुपये लिए और बाद में संपर्क से बाहर हो गए। प्रभावित ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने मेहनत-मजदूरी से कमाई गई राशि गाड़ी खरीदने के लिए जमा की थी। उन्होंने कंपनी के मालिकों से सामने आकर यह स्पष्ट करने की मांग की कि ग्राहकों की रकम कैसे वापस की जाएगी।
*कंपनी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज*
कंपनी के प्रतिनिधि सह अकाउंटेंट महेश कुमार चौहान और अकाउंटेंट सुब्रतो चटर्जी ने बताया कि मामले में चाईबासा मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, विदेश राय (पिता विनय राय, निवासी जामियारा, बांंकुड़ा, पश्चिम बंगाल) कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत था। वहीं, अभिषेक कुमार सिंह (पिता मोहन कुमार सिंह, निवासी आदित्यपुर, सरायकेला-खरसावां) सेल्स पर्सन के रूप में काम करता था।
आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने कंपनी के नाम पर ग्राहकों को वाहन उपलब्ध कराने के लिए रकम ली और कथित तौर पर कंपनी के साथ भी धोखाधड़ी की। कंपनी को 14 मार्च 2026 को इस मामले की जानकारी मिली। इसके बाद आंतरिक सत्यापन किया गया, जिसमें कथित अनियमितता सामने आई।
प्राथमिकी के अनुसार, सत्यापन के बाद दोनों कर्मचारियों ने काम पर आना बंद कर दिया और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। प्रभावित ग्राहक रकम वापसी के लिए कंपनी से लगातार मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने कंपनी की शिकायत और दस्तावेजों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 316(4), 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।




