केरूआडूंगरी पंचायत में कौशल विकास एवं जागरूकता कार्यक्रम, जनजातीय महिलाओं को थैलेसीमिया से बचाव की जानकारी के साथ स्वरोजगार का प्रशिक्षण

पोटका। केरूआडूंगरी पंचायत सभागार में जमशेदपुर विमेंस क्लब के सहयोग से जनजातीय महिलाओं के लिए कौशल विकास एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ उन्हें स्वरोजगार और आय सृजन से जुड़े व्यावहारिक कौशल का प्रशिक्षण प्रदान करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत थैलेसीमिया जागरूकता सत्र से हुई। जमशेदपुर विमेंस क्लब की सचिव श्रीमती पूजा भालोटिया ने पंचायत की महिलाओं के साथ संवाद करते हुए थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता, स्वास्थ्य संबंधी सतर्कता और इस दिशा में समुदाय की जिम्मेदारी पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और जागरूकता को समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद महिलाओं को साबुन निर्माण और मोमबत्ती निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। क्लब की नव-निर्वाचित सदस्य श्रीमती शिल्पी मोदी ने महिलाओं को साबुन निर्माण की प्रक्रिया, आवश्यक तकनीक और इससे जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। वहीं क्लब की कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती अर्चना डूगर ने मोमबत्ती निर्माण का प्रशिक्षण देते हुए महिलाओं को रचनात्मक एवं उपयोगी कौशल से परिचित कराया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केरूआडूंगरी पंचायत के मुखिया कान्हु मुर्मू ने कहा कि किसी भी पंचायत का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब गांव की महिलाएं जागरूक, हुनरमंद और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता के साथ महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण पहल है। साबुन और मोमबत्ती निर्माण जैसे छोटे-छोटे कौशल भविष्य में घरेलू उद्योग और आय के मजबूत साधन बन सकते हैं।
जमशेदपुर विमेंस क्लब की इस पहल से ग्रामीण एवं जनजातीय महिलाओं को स्वास्थ्य जागरूकता के साथ कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने प्रशिक्षण में रुचि दिखाई और सीखे गए हुनर को भविष्य में स्वरोजगार के रूप में अपनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
इस तरह का प्रयास ग्रामीण महिलाओं के हुनर को रोजगार के अवसर में बदलने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




