मुसाबनी के मोहम्मद मिन्हाज आलम बने झारखंड के उर्दू टॉपर, राज्यपाल ने स्वर्ण पदक देकर किया सम्मानित

मुसाबनी। मुसाबनी निवासी मोहम्मद मिन्हाज आलम ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर कोल्हान विश्वविद्यालय में उर्दू विषय से पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी कर झारखंड में टॉप कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने वर्ष 2023-25 सत्र में उर्दू विषय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की और कुल 2000 अंकों में 1720 अंक हासिल कर झारखंड के उर्दू विषय के टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया।
मिन्हाज आलम की इस उपलब्धि के लिए 29 सितंबर को कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा में आयोजित समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस उपलब्धि के बाद बुधवार को उनके परिवार की ओर से मुसाबनी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष प्रधान सोरेन, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शमशेर खान सहित समाज के लोगों ने मोहम्मद मिन्हाज आलम को अंग वस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया और उनकी सफलता पर बधाई दी।
सम्मान समारोह के दौरान मोहम्मद मिन्हाज आलम ने कहा कि उर्दू उनकी मातृभाषा है। अपनी मातृभाषा को बेहतर ढंग से सीखने और आगे लोगों को सिखाने के उद्देश्य से उन्होंने उर्दू विषय को चुना। उन्होंने बताया कि भविष्य में वह पीएचडी करना चाहते हैं और इसके साथ ही नीट की तैयारी भी कर रहे हैं।
मिन्हाज आलम की शैक्षणिक उपलब्धि के बाद उन्हें कोल्हान विश्वविद्यालय में सहायक शिक्षण कार्य के रूप में नियुक्ति भी मिली है। उनकी सफलता से परिवार, क्षेत्र और समाज के लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
सम्मान समारोह में उनके परिवार के सदस्यों के अलावा मेराज खान, शेख सलीम, मोहम्मद शकील, पालु माझी, अब्दुल मोहीद, मोहम्मद शमशाद, इम्तियाज अंसारी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।




