*शारदा संगीतालय की महिषासुर मर्दिनी नृत्य-नाटिका का भव्य मंचन, दर्शकों ने की सराहना*

चाईबासा: शारदा संगीतालय, चाईबासा के तत्वावधान में शनिवार को स्थानीय पिल्लई हॉल में महिषासुर मर्दिनी नृत्य-नाटिका का भव्य मंचन किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों ने नृत्य, अभिनय और गायन के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य-नाटिका में इस वर्ष कई नए दृश्य, कथाओं और आधुनिक तकनीक का समावेश किया गया था। प्रस्तुति के दौरान पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मंत्री दीपक बिरुवा, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, समाजसेवी रमेश खिरवाल, काबू दत्ता, गुरमुख सिंह खोखर और राजकुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि चाईबासा जैसे शहर में इस स्तर के सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होना अच्छी बात है। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति को जीवंत रखते हैं। उन्होंने शारदा संगीतालय की पूरी टीम की सराहना करते हुए सभी कलाकारों को बधाई दी और भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की जरूरत बताई।
नृत्य-नाटिका में 100 से अधिक कलाकारों ने भाग लिया। इसमें गायन, वादन, नृत्य और अभिनय मंडली के साथ वेशभूषा, रूप-सज्जा, विद्युत सज्जा, लाइट और साउंड विभाग के सदस्यों ने योगदान दिया।
शारदा संगीतालय के निदेशक मानस रॉय ने बताया कि इस वर्ष की प्रस्तुति को आकर्षक बनाने के लिए असम से वेशभूषा विशेषज्ञों और जमशेदपुर से मेकअप कलाकारों को आमंत्रित किया गया था। असम के सप्तार्थी वेशभूषा समूह, चाईबासा के बेनू लामाय तथा जमशेदपुर के मेकअप आर्टिस्ट कृष्णा हासदा और उनकी टीम ने कलाकारों की वेशभूषा और रूप-सज्जा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शारदा संगीतालय के प्रमुख सदस्यों प्रणब दरिपा, विवेक सिन्हा, आशीष सिन्हा, देवाशीष चटर्जी, नेहा बोस, दीपेश गोप, प्याली सरकार, जांबी लियांगी, शुभांकर घोष और देवजीत रॉय सहित संस्था के सभी कलाकारों और पर्दे के पीछे काम करने वाले सहयोगियों का योगदान रहा। दर्शकों ने पूरी प्रस्तुति की सराहना की।




