कोल्हान

*नोवामुंडी में 16 वर्षीय छात्रा की मौत, घर में मिला शव*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र के फूलबगान में शनिवार देर शाम 16 वर्षीय छात्रा कल्पना पान की मौत हो गई। मृतका कल्लू पान उर्फ विजय की पुत्री थी। वह पद्मावती शिशु विद्या मंदिर में आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

परिजनों के अनुसार, घटना के समय कल्पना के माता-पिता दूसरे टोले में आयोजित एक दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब आठ बजे जब वे घर लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर परिजन घर के अंदर पहुंचे, जहां कल्पना अचेत अवस्था में मिली।

परिजन उसे तुरंत टाटा अस्पताल, नोवामुंडी ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि हाल ही में विद्यालय में परीक्षा परिणाम वितरण के लिए अभिभावकों को बुलाया गया था। परिजनों के अनुसार, कल्पना का परीक्षा परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं था। विद्यालय की ओर से परिणाम में सुधार करने की बात कही गई थी। इसी विषय को लेकर घर में परिजनों ने उसे डांट लगाई थी। इसके बाद उसके माता-पिता दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने दूसरे टोले चले गए थे।

कल्पना चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में भी शोक व्याप्त हो गया।

हालांकि, परीक्षा परिणाम को लेकर हुई डांट और छात्रा की मौत के बीच संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!