*बिरसा जयंती पर कमारहातु लाइब्रेरी में सामान्य ज्ञान और चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित*

चाईबासा : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर सदर प्रखंड अंतर्गत कमारहातु लाइब्रेरी में सामान्य ज्ञान और चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को निखारना और उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाना था।
कार्यक्रम के तहत कक्षा तीन से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि कक्षा एक और दो के छोटे बच्चों के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता कराई गई। विद्यार्थियों ने अपनी जानकारी, बौद्धिक क्षमता और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर कमारहातु लाइब्रेरी के संरक्षक एवं मतकमहातु पंचायत की मुखिया जुलियाना देवगम, पंचायत समिति सदस्य दीनबंधु देवगम, मुंडा बिरसा देवगम, पूर्व सीआईएसएफ इंस्पेक्टर सोनाराम देवगम, शिक्षक कृष्णा देवगम और विमल किशोर बोयपाई, लाइब्रेरी अध्यक्ष सुरजा देवगम, सचिव तुराम देवगम, अधिवक्ता सोमय देवगम तथा प्राध्यापिका ख्रिष्टिना देवगम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रतियोगिता में शामिल बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
मौके पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सामान्य ज्ञान और रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए। इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने बच्चों को नियमित पढ़ाई करने और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित इस प्रतियोगिता को बच्चों में शिक्षा, ज्ञान और रचनात्मकता के प्रति रुचि बढ़ाने की अच्छी पहल बताया गया।




