Jamshedpurकोल्हान

Jamshedpur : राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर डालसा ने चलाया सघन जागरूकता अभियान

  • 12 सितंबर को व्यवहार न्यायालय में होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
  • समझौते योग्य मामलों के त्वरित निष्पादन की दी जानकारी
  • सोनारी में न्याय रथ ने लोगों को लोक अदालत की दी जानकारी

जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश एवं डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आगामी 12 सितंबर को व्यवहार न्यायालय में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। डालसा के मोबाइल वैन और न्याय रथ के माध्यम से शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को लोक अदालत के लाभों की जानकारी दी गई। इसी क्रम में गुरुवार को सीतारामडेरा थाना के समीप, गोलमुरी गोलचक्कर, गोविंदपुर गोलचक्कर, उत्तरी गोविंदपुर और पूर्वी गोविंदपुर सहित कई स्थानों पर आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एलएडीसी योगिता कुमारी तथा पीएलवी संजय कुमार तिवारी, अंजन कुमार, जोबा रानी बास्के, सुनीता कुमारी, सुनीता झा, रीना तिवारी एवं परशिष्ट मरांडी ने लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की प्रक्रिया और इसके फायदे बताए।

इसे भी पढ़ें : गुवा पूर्वी पंचायत भवन में एसआईआर जनसुनवाई, बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण

राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर

अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि न्यायालय में लंबित समझौते योग्य मामलों का निपटारा राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से कराया जा सकता है। इससे पक्षकारों को लंबी कानूनी प्रक्रिया, समय और अतिरिक्त खर्च से राहत मिलती है तथा मामलों का त्वरित समाधान संभव होता है। राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण, बिजली विभाग, उत्पाद (एक्साइज), माप-तौल, दूरसंचार, दुर्घटना क्लेम, पारिवारिक विवाद सहित अन्य समझौते योग्य मामलों का निष्पादन किया जाएगा। वहीं, डालसा के न्याय रथ के माध्यम से सोनारी क्षेत्र में भी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पीएलवी ने स्थानीय लोगों से अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की। डालसा का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक लोगों को लोक अदालत की सुविधा से जोड़कर लंबित मामलों का आपसी समझौते के आधार पर प्रभावी और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!