*बायहातु में मुफ्फसिल थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को सड़क और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक*
*सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा मुक्ति और डायन-बिसाहा कुप्रथा पर हुई चर्चा*

चाईबासा: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बायहातु गांव में रविवार को ग्रामीणों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान और डायन-बिसाहा जैसी कुप्रथा के प्रति जागरूक किया। मौके पर गांव के मुंडा सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

बैठक में थाना प्रभारी विनोद कुमार ने सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट पहनने, वाहन की गति नियंत्रित रखने और सड़क पर चलते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई। उन्होंने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने की भी अपील की।
साइबर सुरक्षा पर चर्चा करते हुए थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचना चाहिए। साइबर अपराध होने पर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को देने की बात कही।
नशा मुक्ति को लेकर उन्होंने कहा कि नशे का असर व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने समय का उपयोग शिक्षा, रोजगार, खेल तथा समाज के सकारात्मक कार्यों में करने की अपील की गई।
बैठक में डायन-बिसाहा कुप्रथा को लेकर भी विशेष रूप से जागरूक किया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि किसी महिला या व्यक्ति को डायन बताकर प्रताड़ित करना कानूनन अपराध है। ऐसी अफवाहों पर विश्वास करने के बजाय किसी भी विवाद या समस्या की जानकारी पुलिस को देनी चाहिए।
बैठक में ग्रामीणों ने भी अपनी बातें रखीं। थाना प्रभारी ने उनकी समस्याओं को सुनते हुए पुलिस की ओर से आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया। मौके पर गांव के मुंडा सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।




