Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

मानव तस्करी मामले में पश्चिमी सिंहभूम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग सकुशल बरामद, फरार महिला तस्कर दिल्ली से गिरफ्तार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने मानव तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही वर्ष 2023 से फरार चल रही नामजद महिला तस्कर रेणु तुरा को दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। इसकी जानकारी गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैय्यद मुस्तफा हाशमी ने दी।

उन्होंने बताया कि 10 जुलाई 2026 को अहतु थाना में पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद विशेष छापामारी दल का गठन कर पुलिस टीम 29 जुलाई को दिल्ली रवाना हुई और लगातार प्रयास के बाद 3 अगस्त को नाबालिग को सकुशल बरामद कर चाईबासा लाई। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

इसी अभियान के दौरान वर्ष 2023 के मानव तस्करी मामले में फरार अभियुक्ता रेणु तुरा को भी गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ चाईबासा न्यायालय से कुर्की वारंट जारी था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार रेणु तुरा के खिलाफ चाईबासा, देहरादून और दिल्ली में मानव तस्करी, धोखाधड़ी, धमकी, पॉक्सो एक्ट तथा जेजे एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

इस अभियान में अनुसंधानकर्ता पुनीत उरांव के नेतृत्व में पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने लोगों से मानव तस्करी या किसी भी अपराध की सूचना डायल-112 अथवा पुलिस कंट्रोल नंबर 9508243546 पर देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!